ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें: CM साय

ई-श्रम साथी’ ऐप लॉन्च; श्रम विभाग की योजनाओं की समीक्षा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में श्रम विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैदानी अमला पूरी प्रतिबद्धता के साथ श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करे। बैठक में श्रम मंत्री लखन देवांगन भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में श्रमिकों के हित में व्यापक पहल हुई है। उन्होंने मजदूरी संहिता 2019, औद्योगिक संबंध संहिता 2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य दशाएं संहिता 2020 का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने “ई-श्रम साथी” मोबाइल एप्लीकेशन छत्तीसगढ़ डिजिटल लेबर चौक का शुभारंभ किया। इस ऐप से श्रमिकों को घर बैठे रोजगार की जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की मेहनत प्रदेश की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार है, इसलिए उनके हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के तहत 5 सितंबर 2008 से अब तक 33.14 लाख से अधिक श्रमिक पंजीकृत किए जा चुके हैं। मंडल द्वारा 26 योजनाएं संचालित हैं और वर्ष 2025-26 में 315 करोड़ रुपए उपकर प्राप्त हुआ है। अब तक कुल 2,808 करोड़ रुपए का उपकर संग्रहित हुआ, जबकि मार्च 2026 तक 2,558 करोड़ रुपए विभिन्न योजनाओं में खर्च किए जा चुके हैं।

राज्य में मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना, नौनिहाल छात्रवृत्ति, आवास सहायता, निःशुल्क कोचिंग और दीदी ई-रिक्शा सहायता जैसी कई योजनाएं संचालित हैं। मुख्यमंत्री ने ई-केवाईसी के जरिए हितग्राहियों की सही पहचान सुनिश्चित करने और “मुख्यमंत्री श्रमिक सहायता केंद्र” जैसे नवाचारों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button