ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अंबिकापुर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत: गृह निर्माण मंडल ने आवासीय कॉलोनियों में पौधरोपण का लिया संकल्प; 251 भवनों का लोकार्पण

अंबिकापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने अंबिकापुर से अभियान की शुरुआत की। सरगवां स्थित अटल विहार योजना में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में पौधरोपण और विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण का कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ केवल पौधरोपण का अभियान नहीं है, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संकल्प है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने की अपील की। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रदेश में सवा सात करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।

बाउंड्रीवाल और ओपन जिम का भी लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान अटल विहार योजना में बाउंड्रीवाल और ओपन जिम का लोकार्पण किया गया। गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि अंबिकापुर से शुरू हुआ अभियान मंडल की अन्य आवासीय योजनाओं और कॉलोनियों में भी चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य कॉलोनियों में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ उन्हें स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाना है।

9.70 एकड़ में 251 भवनों का निर्माण

सरगवां की अटल विहार योजना में मंडल ने 9.70 एकड़ भूमि पर करीब 3859.22 लाख रुपए की लागत से 251 भवनों का निर्माण और विकास कराया है। इनमें 14 HIG, 12 सीनियर MIG, 40 जूनियर MIG, 63 LIG और 122 EWS भवन शामिल हैं। योजना में बाउंड्रीवाल और WMM सड़क समेत अन्य निर्माण एवं विकास कार्य भी पूरे किए गए हैं।

बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम में कॉलोनी के बच्चों ने वृक्षों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इससे पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में सांसद चिंतामणी महाराज, अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कॉलोनीवासी मौजूद रहे। अंत में सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button