मंत्री के ठिकानों पर ED की रेड: सांसद बेटी के घर समेत 18 जगहों पर तलाशी; विदेश पैसे भेजने की जांच

बेंगलुरु। कर्नाटक के PWD मंत्री सतीश जारकीहोली और उनकी सांसद बेटी प्रियंका जारकीहोली से जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को छापेमारी की। मनी लॉन्ड्रिंग केस की जांच के तहत एजेंसी ने मंत्री, उनकी बेटी और कुछ अन्य लोगों से जुड़े कुल 18 परिसरों में एक साथ तलाशी अभियान चलाया।
ED अधिकारियों के मुताबिक, जांच कथित तौर पर विदेशों में अवैध तरीके से पैसे भेजे जाने से जुड़े लेनदेन को लेकर की जा रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध रकम का स्रोत क्या था और उसे विदेश तक किस माध्यम से भेजा गया। तलाशी के दौरान अधिकारियों ने कई दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले।
सुरक्षा बलों के साथ कई जगह एक साथ कार्रवाई
ED की टीमों ने उपलब्ध इनपुट के आधार पर सुरक्षा बलों के साथ समन्वय कर बुधवार सुबह कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू की। इनमें सतीश जारकीहोली और उनकी बेटी से जुड़े परिसर भी शामिल हैं। अधिकारियों ने दस्तावेजों के अलावा वित्तीय लेनदेन से संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच की।
प्रियंका जारकीहोली चिक्कोडी लोकसभा सीट से सांसद हैं। फिलहाल ED ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि तलाशी के दौरान कितनी रकम या अन्य संपत्ति बरामद हुई है।
तीन महीने पहले बहनोई के यहां भी पड़ी थी रेड
इस कार्रवाई से करीब तीन महीने पहले 24 जून को ED ने सतीश जारकीहोली के बहनोई और आबकारी विभाग के एडिशनल कमिश्नर वाईडी मंजूनाथ के बेलगावी स्थित आवास पर छापेमारी की थी। उस दौरान मंजूनाथ से जुड़े करीबी लोगों और रिश्तेदारों के परिसरों की भी तलाशी ली गई थी।
जून में हुई कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में की गई थी। यह मामला लोकायुक्त की FIR से जुड़ा था, जिसमें कथित रिश्वत और संपत्ति से जुड़े लेनदेन की जांच की जा रही थी।
ED बोली- दोनों मामलों का आपस में संबंध नहीं
ED अधिकारियों के अनुसार बुधवार की कार्रवाई एक नई जांच के तहत की जा रही है। इसका वाईडी मंजूनाथ से जुड़े जून के पुराने मामले से कोई संबंध नहीं है।
फिलहाल एजेंसी ने कथित विदेशी लेनदेन में शामिल रकम, संदिग्ध खातों या जांच के दायरे में आए अन्य लोगों को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। छापेमारी के बाद दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।





