जम्मू-कश्मीर और मणिपुर में भूकंप के झटके, 3.9 तीव्रता रिकॉर्ड

दिल्ली। जम्मू-कश्मीर और मणिपुर में सोमवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, दोनों राज्यों में आए भूकंप की तीव्रता अपेक्षाकृत कम रही और फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
भूकंप के झटकों के बाद कुछ देर के लिए लोगों में दहशत का माहौल रहा, हालांकि स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। एनसीएस के मुताबिक, मणिपुर के कामजोंग जिले में सोमवार सुबह 6:32 बजे रिक्टर स्केल पर 3.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया।
भूकंप का केंद्र जमीन से 80 किलोमीटर की गहराई में था। इसका केंद्र इंफाल से करीब 31 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व दिशा में स्थित बताया गया है। गहराई अधिक होने के कारण भूकंप का असर सीमित रहा और किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं मिली।
वहीं, जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में देर रात करीब 2 बजे 3.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इस भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था।
झटके महसूस होने के बाद लोग एहतियातन कुछ समय के लिए घरों से बाहर निकल आए। हालांकि प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि कहीं से भी किसी प्रकार के नुकसान या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
गौरतलब है कि बारामूला जिला भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल है। इससे पहले फरवरी 2026 में भी यहां 4.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र पट्टन क्षेत्र में था। विशेषज्ञों के अनुसार हिमालयी क्षेत्र टेक्टोनिक गतिविधियों के कारण लगातार सक्रिय रहता है, इसलिए यहां समय-समय पर हल्के और मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं।
भूकंप विज्ञान केंद्र ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। फिलहाल दोनों राज्यों में स्थिति सामान्य बनी हुई है।





