ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राजनांदगांव के औद्योगिक विकास पर चर्चा: फर्टिलाइजर प्लांट और इलेक्ट्रॉनिक्स क्लस्टर को लेकर मंथन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके रायपुर स्थित निवास पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राजनांदगांव में गेल (इंडिया) लिमिटेड के प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 समेत प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना साबित होगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही सहायक उद्योगों और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे राजनांदगांव और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां तेज होने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और निवेश को प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। नई संभावनाओं वाले उद्योगों के विस्तार के साथ आधुनिक तकनीक और उच्च मूल्य आधारित विनिर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ को इलेक्ट्रॉनिक्स और आधुनिक विनिर्माण के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

स्थानीय युवाओं को रोजगार देने पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं और निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में आने वाला निवेश स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, क्षेत्रीय विकास और आर्थिक समृद्धि का माध्यम बने। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की प्रस्तावित फर्टिलाइजर परियोजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगी।

Related Articles

Back to top button