ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सहकारी बैंकों में बढ़ेंगी डिजिटल सुविधाएं, मोबाइल-इंटरनेट बैंकिंग पर जोर

रायपुर। राज्य के शहरी सहकारी बैंकों में आधुनिक बैंकिंग सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। इस दिशा में आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं छत्तीसगढ़ महादेव कावरे ने समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को जरूरी निर्देश दिए। बैठक में प्रदेश के 12 शहरी नागरिक सहकारी बैंकों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

सहकारिता आयुक्त ने सभी बैंकों से कहा कि वे भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय द्वारा शुरू की गई नई पहलों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने ग्राहकों को बेहतर और सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और एईपीएस यानी आधार आधारित भुगतान प्रणाली जैसी डिजिटल सेवाएं जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।

बैठक में यह भी कहा गया कि बदलते समय के साथ सहकारी बैंकों को तकनीकी रूप से मजबूत बनाना जरूरी है। इसके लिए बैंकों को तकनीकी सहायता और आधुनिक बैंकिंग सेवाओं के विस्तार हेतु गठित अम्ब्रेला ऑर्गेनाइजेशन से जुड़ने को कहा गया। इससे बैंकों को नई तकनीक अपनाने और डिजिटल सेवाओं को तेजी से लागू करने में मदद मिलेगी।

इस दौरान अम्ब्रेला ऑर्गेनाइजेशन, नई दिल्ली के अधिकारी सुमीत हंस ने बैंकों को संगठन से जुड़ने के फायदे और उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इससे सहकारी बैंक ग्राहकों को अधिक सुरक्षित और तेज डिजिटल सेवाएं उपलब्ध करा सकेंगे।

बैठक में व्यावसायिक सहकारी बैंक रायपुर, नागरिक सहकारी बैंक रायपुर, लक्ष्मी नागरिक सहकारी बैंक रायपुर, रायपुर अर्बन मर्केंटाइल को-ऑप बैंक सहित दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, रायगढ़, महासमुंद, अंबिकापुर और जगदलपुर के सहकारी बैंक शामिल हुए।

सहकारिता आयुक्त ने सभी बैंकों को तय समय सीमा में आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए। माना जा रहा है कि इस पहल से प्रदेश के सहकारी बैंकों में डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा मिलेगा और ग्राहकों को अधिक आसान, सुरक्षित और आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं मिल सकेंगी।

Related Articles

Back to top button