ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

दुर्ग में 22 मई को लगेगा रोजगार मेला, युवाओं को मिलेगा नौकरी का मौका

रायपुर। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दुर्ग जिले में 22 मई को जिला स्तरीय रोजगार मेला एवं प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र दुर्ग तथा छत्रपति शिवाजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान में छत्रपति शिवाजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, शिवाजी नगर दुर्ग में होगा।

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र दुर्ग के उपसंचालक विष्णु कुमार केडिया ने बताया कि प्लेसमेंट कैम्प में विभिन्न कंपनियों और संस्थानों द्वारा अलग-अलग पदों के लिए भर्ती की जाएगी। इसमें 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा इंजीनियरिंग, इंजीनियरिंग स्नातक, एएनएम, जीएनएम, नर्सिंग, एमबीबीएस, बीएएमएस और डिप्लोमा पैरामेडिकल जैसी योग्यताओं वाले अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे।

रोजगार मेला के माध्यम से अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं को भी रोजगार पाने का अवसर मिलेगा। इसके लिए संबंधित शिक्षण संस्थानों से आग्रह किया गया है कि वे अपने विद्यार्थियों तक प्लेसमेंट कैम्प की जानकारी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक युवा इस रोजगार मेले का लाभ उठा सकें।

रोजगार विभाग का कहना है कि इस तरह के प्लेसमेंट कैम्प युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार दिलाने के साथ-साथ उन्हें करियर की नई दिशा देने में भी मददगार साबित हो रहे हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवाओं को अपने जिले में ही नौकरी पाने का मौका मिलेगा।

रोजगार मेला से संबंधित विस्तृत जानकारी ई-रोजगार छत्तीसगढ़ पोर्टल पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय दुर्ग से संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button