ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में विकास कार्यों की समीक्षा, प्रभारी सचिव ने अफसरों को दिए जरूरी निर्देश

रायपुर। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा प्रभारी सचिव हिमशिखर गुप्ता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की। बैठक में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की जमीनी स्थिति और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन, राजस्व मामलों, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास योजनाओं पर विशेष फोकस रहा।

प्रभारी सचिव ने राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए भू-अभिलेख, भू-अर्जन और डायवर्शन से जुड़े नक्शा-खसरा रिकॉर्ड को ऑनलाइन अपडेट रखने पर जोर दिया। इसके साथ ही निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट, एसडीएम कार्यालय, जिला पंचायत भवन, जिला अस्पताल और ट्राइबल हॉस्टल के जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में जल जीवन मिशन, जल आवर्धन योजना और मल्टी विलेज पेयजल योजनाओं के जरिए हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। मनरेगा के तहत रोजगार सृजन, पीएम ग्राम सड़क योजना, स्वामित्व योजना और लखपति दीदी योजना के जरिए महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की प्रगति पर भी चर्चा हुई।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान अस्पतालों में डॉक्टरों की नियुक्ति, सामान्य प्रसव और ऑपरेशन की संख्या बढ़ाने के प्रयासों पर जोर दिया गया। वहीं पीएमश्री स्कूल निर्माण और बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम लाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। महतारी वंदन योजना के ई-केवाईसी, किसान सम्मान निधि और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की स्थिति भी परखी गई।

प्रभारी सचिव ने खरीफ सीजन को देखते हुए खाद उपलब्धता, धान उठाव, एफसीआई में चावल भंडारण, सड़क सुरक्षा, नए कानूनों के क्रियान्वयन और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की भी समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणाओं और डीएमएफ से संचालित विकास कार्यों को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button