StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

जंगल के बीच क्रिकेट मैदान में उतरे उप मुख्यमंत्री अरुण साव: युवाओं संग खेले शॉट्स, 16 टीमों को क्रिकेट किट देने की घोषणा

बस्तर। बस्तर के बदलते स्वरूप की एक खूबसूरत तस्वीर उस समय देखने को मिली, जब उप मुख्यमंत्री अरुण साव सुकमा जिले के जंगलों के बीच आयोजित एक ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट में अचानक खिलाड़ियों के बीच पहुंच गए। युवाओं को मैदान में क्रिकेट खेलते देख वे खुद को रोक नहीं सके और गाड़ी रुकवाकर सीधे मैदान में उतर गए।

यह दृश्य सुकमा जिले की ग्राम पंचायत कोर्रा के आश्रित ग्राम मुनगा का था। किरंदुल से सुकमा जाते समय उप मुख्यमंत्री की नजर मैदान में चल रहे क्रिकेट मैच पर पड़ी। मैदान के एक ओर खिलाड़ी खेल में जुटे थे तो दूसरी ओर बड़ी संख्या में ग्रामीण दर्शक मैच का आनंद ले रहे थे। ऐसे में श्री साव मैदान पहुंचे, बल्ला थामा और खिलाड़ियों के साथ कुछ देर क्रिकेट खेला। स्थानीय गेंदबाजों की गेंदों पर उन्होंने कई आकर्षक शॉट भी लगाए, जिससे मैदान में मौजूद युवाओं और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल बन गया।

खेल के दौरान उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत कर टूर्नामेंट की जानकारी ली। युवाओं ने बताया कि 7 जून से शुरू हुए इस प्रतियोगिता में आसपास के गांवों की 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। खिलाड़ियों के उत्साह और खेल के प्रति उनके समर्पण को देखकर श्री साव ने सभी 16 टीमों को क्रिकेट किट उपलब्ध कराने की घोषणा की, ताकि वे बेहतर संसाधनों के साथ खेल का अभ्यास और प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकें।

बातचीत के दौरान खिलाड़ियों ने गांव में समुचित खेल मैदान की कमी का मुद्दा भी उठाया। इस पर उप मुख्यमंत्री ने संबंधित कलेक्टर को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव इन दिनों चार दिवसीय बस्तर प्रवास पर हैं। वे विभिन्न जिलों में विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। साथ ही अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें लेकर विकास कार्यों में तेजी लाने और लंबित परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दे रहे हैं।

Related Articles

Back to top button