दिल्ली। सनराइजर्स हैदराबाद ने IPL 2026 के 63वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग को 5 विकेट से हरा दिया। चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मैच में चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 180 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद ने 19 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
मैच के दौरान कई रिकॉर्ड और खास मोमेंट्स देखने को मिले। इनिंग्स ब्रेक में MS Dhoni मैदान पर आए और CSK टीम के साथ ग्रुप फोटोशूट कराया। फैंस के लिए यह पल बेहद खास रहा, क्योंकि धोनी के भविष्य को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं।
हैदराबाद के बल्लेबाज हेनरिच ने IPL में अपने 2000 रन पूरे किए। उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 58 पारियों में हासिल की। क्लासन ने 26 गेंदों पर 47 रन बनाए। हालांकि स्टंप आउट होने के बाद उनकी चेन्नई विकेटकीपर संजू सैमसन से हल्की बहस भी देखने को मिली।
वहीं ऋतुराज गायकवाड़ ने चेपॉक मैदान पर अपने 1000 IPL रन पूरे कर लिए। हालांकि उनकी पारी ज्यादा बड़ी नहीं रही और उन्होंने 21 गेंदों में 15 रन बनाए।
मैच में सनराइजर्स के कप्तान पैट ने कप्तान के तौर पर IPL में 42 विकेट पूरे किए और इस सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए। वहीं अभिषेक शर्मा इस सीजन 500+ रन बनाने वाले हैदराबाद के छठे बल्लेबाज बन गए।
चेन्नई की ओर से संजू सैमसन ने पहली गेंद पर छक्का लगाकर पारी की शुरुआत की, जबकि उर्विल पटेल ने कमिंस के ओवर में लगातार दो छक्के जड़े। मैच में रोमांच के साथ कई रिकॉर्ड भी दर्ज हुए।
