धरसींवा को मिली निःशुल्क एम्बुलेंस, मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के लिए निःशुल्क एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने विधायक अनुज शर्मा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में एम्बुलेंस के चालक को चाबी सौंपी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक तक समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज के लिए शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है और समय पर अस्पताल पहुंचने से कई गंभीर परिस्थितियों में जीवन बचाया जा सकता है।
यह एम्बुलेंस गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, गंभीर मरीजों और सड़क दुर्घटना के घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी।
विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से 19.65 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है।
इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरसींवा को सौंपा गया है, जहां से इसका संचालन 24 घंटे किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह सुविधा गंभीर मरीजों को रेफरल अस्पतालों तक सुरक्षित और समयबद्ध पहुंचाने में भी मददगार होगी।
यह पहल धरसींवा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।





