StateNewsदेश - विदेश

डिप्टी कलेक्टर पर पत्नी से 3 करोड़ और लग्जरी कार मांगने का आरोप: महिला थाने में दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज

शादी के बाद से प्रताड़ित करने का आरोप; गर्भावस्था में मारपीट और मायके छोड़ने की शिकायत, पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ FIR

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे के खिलाफ उनकी पत्नी पूजा बंजारे ने दहेज प्रताड़ना और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। रायपुर के महिला थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, पति और ससुराल पक्ष पर लग्जरी कार के साथ दो से तीन करोड़ रुपए दहेज में मांगने का आरोप है। पत्नी का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। पुलिस ने पति समेत ससुराल के अन्य परिजनों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, पूजा की शादी जुलाई 2024 में धमतरी के जोधापुर वार्ड निवासी मनोज बंजारे से हुई थी। विवाह के दौरान मायके पक्ष ने सोने के जेवर और घरेलू सामान दिया था। आरोप है कि शादी के दूसरे दिन से ही कम दहेज लाने को लेकर ताने दिए जाने लगे। ससुराल पक्ष का कहना था कि डिप्टी कलेक्टर होने के कारण मनोज की शादी किसी संपन्न परिवार में होती तो करोड़ों रुपए और लग्जरी गाड़ी मिलती।

जमीन बेचकर रकम लाने का दबाव

पूजा ने आरोप लगाया कि जनवरी 2025 में पति ने मायके की जमीन बेचकर दो से तीन करोड़ रुपए लाने का दबाव बनाया। असमर्थता जताने पर मारपीट की गई। शिकायत में गर्भावस्था के दौरान प्रताड़ना और प्रसव के खर्च को लेकर विवाद का भी उल्लेख है। पत्नी के मुताबिक, मई 2025 में समयपूर्व प्रसव के बाद उसे नवजात के साथ मायके छोड़ दिया गया। इसके बाद ससुराल पक्ष ने उससे संपर्क भी बंद कर दिया।

मायके पहुंचकर मारपीट का आरोप

शिकायत में अप्रैल और सितंबर 2026 में पति के भाइयों के साथ मायके पहुंचकर गाली-गलौज, तोड़फोड़ और हमला करने का आरोप भी लगाया गया है। परिवार परामर्श केंद्र में समझौते की कोशिश सफल नहीं होने के बाद महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगी।

Related Articles

Back to top button