PM मोदी पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर दिल्ली पुलिस का एक्शन: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को नोटिस, कंटेंट हटाने एक्शन शुरू

दिल्ली। जंतर-मंतर पर NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ी और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो और टिप्पणियों को लेकर दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम ऐसे कंटेंट की लगातार पहचान कर रही है और संबंधित प्लेटफॉर्म्स को नोटिस भेजकर उन्हें हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन और उससे जुड़ी घटनाओं के दौरान सोशल मीडिया पर कई पोस्ट और वीडियो अपलोड किए गए थे। इनमें कथित तौर पर अभद्र भाषा और भड़काऊ सामग्री का इस्तेमाल किया गया। पुलिस यह जांच कर रही है कि इनमें से कौन-सा कंटेंट कानून का उल्लंघन करता है या सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित कर सकता है। संबंधित सोशल मीडिया कंपनियों से ऐसे कंटेंट को हटाने के लिए कहा गया है।
24 घंटे सोशल मीडिया पर नजर
दिल्ली पुलिस की विशेष सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस प्रदर्शन से जुड़े पोस्ट, फोटो, वीडियो और कमेंट्स की पहचान कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री मिलने पर संबंधित प्लेटफॉर्म को कार्रवाई के लिए नोटिस भेजा जा रहा है।
36 दिन चला छात्र आंदोलन
जंतर-मंतर पर NEET परीक्षा में गड़बड़ी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर करीब 36 दिन तक प्रदर्शन चला। इस दौरान मीम्स, रील्स, लाइव स्ट्रीम और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आंदोलन देशभर में चर्चा में रहा। प्रदर्शन में छात्रों की आपसी मदद, महिला सुरक्षा और डिजिटल नेटवर्किंग भी प्रमुख पहलू रहे।
हालांकि, आंदोलन के अंतिम दौर में हिंसा और कुछ विवादित घटनाओं ने इसकी छवि पर सवाल खड़े किए। पुलिस अब प्रदर्शन से जुड़े ऑनलाइन कंटेंट की भी जांच कर रही है। दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री से सावधान रहने की अपील भी की है।





