ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मलेरिया पर निर्णायक प्रहार जारी, एक भी मौत न हो यही लक्ष्य: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल

रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार मलेरिया उन्मूलन और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि मलेरिया से एक भी मृत्यु न हो, यही सरकार का लक्ष्य है।

इसके लिए समय पर जांच, त्वरित उपचार, सतत निगरानी और जनजागरूकता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 34.29 लाख से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जो लक्षित आबादी का करीब 99 प्रतिशत है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अभियान के दौरान मलेरिया, टीबी, सिकल सेल, कुष्ठ रोग और मुख कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की पहचान कर मरीजों का समय पर उपचार शुरू किया गया।

वहीं 60 हजार से अधिक गंभीर मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया गया, जबकि 10,938 हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी की गई।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की रणनीतिक कार्ययोजना और जनसहभागिता के चलते बस्तर संभाग में मलेरिया पॉजिटिविटी दर 4.60 प्रतिशत से घटकर 0.48 प्रतिशत रह गई है।

वहीं प्रदेश का वार्षिक परजीवी सूचकांक (API) 5.21 से घटकर 0.90 पर पहुंच गया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 11.89 लाख से अधिक संस्थागत प्रसव हुए हैं।

आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के लिए 375 नई 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस शुरू की गई हैं, जिनसे जनवरी 2024 से जून 2026 तक 6.50 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिला।

उन्होंने बताया कि HLL लाइफकेयर लिमिटेड के सहयोग से 1,051 स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक पैथोलॉजी जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही प्रदेश के सभी 10 मेडिकल कॉलेजों में पैरामेडिकल पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश में एनॉलॉग पनीर के उपयोग और बिक्री पर प्रभावी प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

Related Articles

Back to top button