हर जिले में डायल-112 और फॉरेंसिक यूनिट्स: 3 दिन के छत्तीसगढ़ दौरे पर अमित शाह, बस्तर में विकास-सुरक्षा की समीक्षा करेंगे

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 17 से 19 मई तक छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका फोकस बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, विकास कार्यों की समीक्षा और जनसुविधाओं के विस्तार पर रहेगा। दौरे के दौरान रायपुर और जगदलपुर में कई अहम कार्यक्रम आयोजित होंगे।
शाह रविवार रात रायपुर पहुंचेंगे और सोमवार सुबह पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में डायल-112 सेवा के लिए 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाएंगे। अभी यह सेवा 16 जिलों में संचालित है, लेकिन अब इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। सरकार का दावा है कि नई व्यवस्था से सभी थानों तक पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम की पहुंच बढ़ेगी और आपात स्थिति में लोगों को तेजी से मदद मिल सकेगी।
इसके साथ ही राज्य के सभी 33 जिलों के लिए आधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स भी शुरू की जाएंगी। इन यूनिट्स में वैज्ञानिक जांच के अत्याधुनिक उपकरण होंगे, जिनकी मदद से घटनास्थल पर ही शुरुआती जांच की जा सकेगी। इससे अपराधों की विवेचना तेज और अधिक सटीक होने की उम्मीद है।
रायपुर कार्यक्रम के बाद अमित शाह जगदलपुर रवाना होंगे। वहां से वे नेतानार पहुंचकर जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन करेंगे। यह केंद्र ग्रामीणों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद करेगा। इसके बाद वे अमर वाटिका में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देंगे और बादल अकादमी में सुरक्षा, विकास और जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा बैठक लेंगे।
दौरे के तीसरे दिन 19 मई को जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक होगी। बैठक में Vishnu Deo Sai समेत चार राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इसमें नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, अंतरराज्यीय समन्वय और विकास योजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है।





