ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

IPL सट्टेबाजी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब: गोवा से 6 गिरफ्तार, 7 सेकेंड पहले अपडेट करते थे रेट

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में ऑनलाइन IPL सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। रायगढ़ पुलिस ने गोवा में दबिश देकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपी ऐसे ऐप का इस्तेमाल कर रहे थे, जिससे उन्हें क्रिकेट मैच का लाइव अपडेट आम प्रसारण से करीब 7 सेकेंड पहले मिल जाता था। इसी आधार पर वे तुरंत सट्टे के रेट बदलकर मोटा मुनाफा कमाते थे।

पुलिस जांच में करोड़ों रुपए के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, हवाला नेटवर्क और दुबई से संचालित बेटिंग आईडी के सुराग मिले हैं। आरोपियों के तार सेंट्रल इंडिया के चर्चित ‘मन्नू नथानी’ सट्टा गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ऊपर से बेटिंग आईडी लेकर एजेंटों और प्लेयर्स तक पहुंचाते थे और हर ट्रांजेक्शन पर कमीशन कमाते थे।

मामले की जांच पहले गिरफ्तार किए गए करन चौधरी, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल से शुरू हुई थी। पूछताछ में मिले इनपुट के बाद साइबर और कोतवाली थाना पुलिस ने तकनीकी जांच की, जिसमें नेटवर्क के तार गोवा के कैंडोलिम बीच तक पहुंचे।

गोवा के एक किराए के विला में छापेमारी के दौरान अमित मित्तल, मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल और सुलभ खंडेलवाल ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते मिले। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मोबाइल और दस्तावेज नष्ट करने की कोशिश करने लगे। मौके से 10 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

जांच में हवाला के जरिए पैसों के लेनदेन के भी सबूत मिले हैं। मोबाइल में नोटों के सीरियल नंबर शेयर कर रकम ट्रांसफर करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button