ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा के शिक्षक ने सोलर से खत्म किया बिजली बिल: 3 KW प्लांट से हर महीने 1200 तक की बचत

दंतेवाड़ा। केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना दंतेवाड़ा जिले में लोगों के लिए बिजली खर्च कम करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा अपनाने का जरिया बन रही है। बड़े तुमनार निवासी और मोफलनार माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक कैलाश कुमार देवांगन ने अपने घर की छत पर सोलर रूफटॉप प्लांट लगाकर इसका लाभ उठाया है। वे गांव के पहले हितग्राही हैं, जिन्होंने मार्च 2026 में योजना के तहत 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कराया।

कैलाश देवांगन ने बताया कि सोलर प्लांट लगाने से पहले उनके चार सदस्यीय परिवार का बिजली बिल करीब 1000 से 1200 रुपए प्रतिमाह आता था। परिवार की औसत खपत करीब 200 यूनिट थी। सोलर प्लांट लगने के बाद उनका बिजली बिल पूरी तरह खत्म हो गया है। इससे हर महीने बिजली खर्च में बड़ी बचत हो रही है।

शिक्षकों की बैठक से मिली योजना की जानकारी

देवांगन ने बताया कि मार्च में आयोजित शिक्षकों की बैठक के दौरान उन्हें पीएम सूर्य घर योजना की जानकारी मिली थी। इसके बाद उन्होंने योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया पूरी कर अपने घर पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगवाया।

उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी योजना की सबसे बड़ी खासियत है। इससे आम परिवारों के लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाना आसान हो जाता है। उन्होंने दूसरे नागरिकों से भी योजना का लाभ उठाने की अपील की।

बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण

कैलाश देवांगन का कहना है कि योजना से केवल बिजली खर्च में बचत नहीं होती, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने से पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है। बढ़ती बिजली मांग और भविष्य में बढ़ने वाली लागत को देखते हुए सौर ऊर्जा टिकाऊ विकल्प बन सकती है।

जिला प्रशासन और विद्युत विभाग ने भी जिले के नागरिकों से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जुड़कर सौर ऊर्जा अपनाने और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button