बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का खतरा, दक्षिण में भारी बारिश; उत्तर भारत में घने कोहरे का अलर्ट

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव चक्रवाती तूफान में बदलने की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से आंध्र प्रदेश और दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका है।
वहीं उत्तर भारत के दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग ने मछुआरों को बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कुछ हिस्सों में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
आंध्र प्रदेश-तमिलनाडु में बारिश, तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव 17 नवंबर तक भीषण चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके 20 नवंबर के आसपास आंध्र प्रदेश और यनम के तट से टकराने की संभावना जताई गई है।
इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। झोंकों में गति 145 किमी प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली-UP समेत उत्तर भारत में कोहरा
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 17 से 20 नवंबर के बीच घना कोहरा छाने की संभावना है। सुबह के समय दृश्यता कम होने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बिहार में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर में भी बारिश के आसार
असम और मेघालय में 16 से 22 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कुछ दिनों तक बारिश और गरज-चमक की संभावना है।





