MP-UP समेत कई राज्यों में बारिश का कहर: सड़कें डूबीं, कार-बाइक बहीं; बिहार-झारखंड में बिजली गिरने से 5 की मौत

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई शहरों में सड़कें जलमग्न हो गईं, जबकि बिहार और झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई।
मध्य प्रदेश के सात जिलों में बुधवार को तेज बारिश हुई। इंदौर में एक कार बारिश के दौरान नाले में जा गिरी, जबकि सीहोर में सड़कों पर पानी नदी की तरह बहने लगा और कई बाइक बह गईं। उत्तर प्रदेश के 25 से अधिक शहरों में बारिश दर्ज की गई। आजमगढ़, बिजनौर और मिर्जापुर में घुटनों तक पानी भर गया। ललितपुर रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल और जीआरपी थाने में भी पानी घुस गया। फतेहपुर में तेज आंधी के कारण ई-रिक्शा पलट गया।
महाराष्ट्र के नवी मुंबई में जलभराव के दौरान सड़क पर करंट फैलने से दो छात्राएं उसकी चपेट में आ गईं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं गुजरात के अमरेली जिले में भारी बारिश के कारण रायदी नदी में आई बाढ़ में 30 से अधिक बकरियां बह गईं, हालांकि ग्रामीणों ने कई महिलाओं को सुरक्षित बचा लिया।
बिहार में बिजली गिरने से तीन और झारखंड में दो लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे नहीं रुकने की अपील की है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, केरल, गोवा, पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार में तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक अधिकांश राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।





