देश में बढ़ा कोरोना का ग्राफ, अब तक 65 मौतें; सबसे ज्यादा केस केरल में

दिल्ली। देश में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामलों में तेजी देखी जा रही है। अब तक एक्टिव केसों की संख्या 6500 के पार पहुंच चुकी है। रोजाना करीब 400 नए मामले सामने आ रहे हैं।
सबसे ज्यादा 1957 केस केरल में हैं। वहीं, 11 राज्यों में अब तक 65 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 58 मौतें पिछले 10 दिनों में हुई हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 18 मौतें दर्ज की गईं हैं।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 3 डॉक्टरों समेत 6 नए संक्रमित मिले हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर है। राज्य में कुल 43 एक्टिव केस हैं। इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सभी विभागों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है।
राज्यों का हाल
- गुजरात: 508 केस, 18 अस्पताल में भर्ती। सरकार ने ICU, वेंटिलेटर और दवाइयों की व्यवस्था पूरी की है।
- केरल: सभी अस्पतालों में कोविड गाइडलाइन लागू। लक्षण वाले मरीजों की टेस्टिंग अनिवार्य।
- महाराष्ट्र: इस साल अब तक 1064 केस, 17 मौतें।
- कर्नाटक: गुलबर्गा में 25 बेड का कोविड वार्ड तैयार।
- उत्तराखंड और हिमाचल: अस्पतालों में मास्क और ऑक्सीजन व्यवस्था अनिवार्य की गई।
चार नए वैरिएंट की पुष्टि
ICMR के अनुसार, देश में कोविड के चार नए वैरिएंट LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1 मिले हैं। JN.1 सबसे आम है। WHO ने इन वैरिएंट्स को निगरानी में रखा है लेकिन इन्हें अभी चिंताजनक नहीं माना गया है। विशेषज्ञों ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है।