StateNewsदेश - विदेश

अखिलेश यादव के खिलाफ गोंडा-गाजीपुर में विवादित होर्डिंग, सपाइयों ने फाड़े

गोंडा/गाजीपुर। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ विवादित होर्डिंग लगाए जाने का मामला सामने आया है। गोंडा और गाजीपुर में रविवार देर रात लगाए गए इन होर्डिंग में अखिलेश यादव को पूर्व में चर्चा में रहे नेताओं और अपराध के मामलों से जोड़े जाने वाले नामों के साथ दिखाया गया है। सुबह जानकारी मिलने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने कई होर्डिंग फाड़ दिए। पोस्टर किसने लगाए, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

गोंडा में लखनऊ रोड स्थित चौपाल सागर चौराहे के पास लगाए गए पोस्टर में अखिलेश यादव के साथ आजम खान, अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी की तस्वीरें लगाई गई थीं। पोस्टर पर लिखा था- “आजम, अतीक और मुख्तार, यही चलाते थे सरकार।” पोस्टर में इन नेताओं से संबंधित खबरों की कटिंग भी लगाई गई थी।

जानकारी मिलने पर समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव लाल चंद्र गौतम मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से पोस्टर फाड़ दिए। गौतम ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोध के चलते सपा और अखिलेश यादव की छवि खराब करने के लिए इस तरह के पोस्टर लगाए जा रहे हैं।

गाजीपुर में भी लगाए गए पोस्टर

गाजीपुर में विकास भवन चौराहा, लंका मैदान, महुआबाग, विशेश्वरगंज, रौजा और लंका-कचहरी रोड समेत कई स्थानों पर होर्डिंग लगाए जाने की जानकारी सामने आई। इनमें अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी, उमाकांत यादव, रमाकांत यादव और मुन्ना बजरंगी की तस्वीरें लगाई गई थीं। पोस्टर पर “अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश” जैसे शब्द लिखे थे।

सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने आरोप लगाया कि अज्ञात लोगों ने पार्टी अध्यक्ष की छवि खराब करने के उद्देश्य से होर्डिंग लगाए हैं। उन्होंने प्रशासन से इन्हें हटवाने और लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि होर्डिंग किसने लगाए और इसके पीछे किसका हाथ है। यूपी के कई अन्य जिलों में भी सपा के खिलाफ इसी तरह के पोस्टर लगाए जाने की रिपोर्ट सामने आई है।

Related Articles

Back to top button