ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

विधानसभा में कांग्रेस लाएगी अविश्वास प्रस्ताव, कानून व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरेगी

विधायक दल की बैठक में बनी रणनीति, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज को तीन साल पूरे होने पर दी बधाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र से एक दिन पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सरकार को घेरने की रणनीति तय की गई।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने बैठक के बाद कहा कि कांग्रेस 13 जुलाई से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी।

उनका आरोप है कि प्रदेश का हर वर्ग सरकार की कार्यप्रणाली से परेशान है और उसकी समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही है।

डॉ. महंत ने कहा कि प्रदेश में किसानों, युवाओं, कर्मचारियों और आम लोगों से जुड़े कई मुद्दे हैं, जिन पर सरकार जवाब देने से बच रही है।

कांग्रेस इन्हीं मुद्दों को लेकर सदन में सरकार को घेरने की तैयारी कर चुकी है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति भी लगातार बिगड़ रही है, इसलिए इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

कांग्रेस ने नकटी गांव में हुई कार्रवाई का भी विरोध करने का फैसला लिया है। पार्टी का कहना है कि इस मामले को विधानसभा में मजबूती से उठाया जाएगा और सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

इसके अलावा जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विपक्ष आक्रामक रुख अपनाएगा।

बैठक में विधानसभा सत्र के दौरान विभिन्न विषयों को लेकर कांग्रेस विधायकों की जिम्मेदारियां भी तय की गईं।

अलग-अलग विधायकों को विभागवार मुद्दे उठाने और सरकार से जवाब मांगने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि विपक्ष समन्वित तरीके से अपनी बात सदन में रख सके।

विधायक दल की बैठक शुरू होने से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के अध्यक्ष पद पर तीन वर्ष पूरे होने पर उनका स्वागत किया गया। कांग्रेस विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई देते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए किए गए कार्यों की सराहना की।

13 जुलाई से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव और कानून व्यवस्था समेत अन्य मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button