देश - विदेशStateNews

हाईवे पर कंटेनर-डंपर की टक्कर: दोनों वाहनों में लगी आग, चालक-क्लीनर जिंदा जले

आगरा। आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार सुबह कंटेनर और गिट्टी लदे डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में डंपर चालक और क्लीनर की जलकर मौत हो गई।

कंटेनर चालक समेत दो बाइक सवार गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा खंदौली थाना क्षेत्र में जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर हुआ।

सुबह 5:45 बजे हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे हुआ। गिट्टी से भरा डंपर अलीगढ़ से आगरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे फ्रोजन मटर से लदे कंटेनर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

डंपर के पीछे बाइक से आ रहे दो युवक भी हादसे की चपेट में आ गए। दोनों किसी तरह बाइक समेत सड़क किनारे पहुंचे। वहीं कंटेनर चालक ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन डंपर चालक और क्लीनर आग की चपेट में फंस गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है।

कंटेनर चालक समेत दो बाइक सवार घायल

हादसे में कंटेनर चालक शिवराम और बाइक सवार सुमित सिंह व सीटू, निवासी नगला जालिम, खंदौली, झुलस गए। तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

एक घंटे में बुझाई आग, 5 किमी जाम

सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद क्रेन की मदद से जले वाहनों को सड़क से हटाया गया। हादसे के कारण हाईवे पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

शुरुआती जांच में डंपर चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

Related Articles

Back to top button