StateNewsदेश - विदेश

MP-राजस्थान में शीतलहर तेज, 43 शहरों में पारा 10° से नीचे; हिमाचल में बर्फबारी, UP-बिहार में घना कोहरा

दिल्ली। उत्तर भारत में सर्दी अपने चरम पर है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है, जबकि मैदानी इलाकों में शीतलहर और कोहरा बढ़ गया है। मध्य प्रदेश में अगले दो दिन शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। बीती रात शहडोल के कल्याणपुर में पारा 4.7°C तक पहुंच गया। इंदौर सहित 25 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज हुआ।

राजस्थान में भी कड़ाके की ठंड जारी है। यहां 10 दिसंबर तक कोल्ड वेव का असर बना रहेगा। मंगलवार को 18 से अधिक शहरों में रात का तापमान सिंगल डिजिट में रहा। फतेहपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.7°C दर्ज हुआ।

उधर, उत्तर प्रदेश में बाराबंकी, गोंडा समेत 20 जिलों में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कई जगह विजिबिलिटी शून्य रही। बिहार के 10 जिलों में भी हालात ऐसे ही रहे। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक कोहरा और सर्दी दोनों बढ़ेंगे।

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के शिंकुला दर्रे में ताज़ी बर्फबारी हुई, जहां 6 इंच तक बर्फ जमी। तापमान में 3-4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। देशभर में मौसम की अलग-अलग तस्वीरें भी सामने आई हैं।

  • उत्तराखंड के चमोली में 10 फीट ऊंचा बर्फ का शिवलिंग बना है, जो देखने में बाबा बर्फानी जैसा लग रहा है।
  • UP के बाराबंकी-बहराइच रोड पर सुबह घना कोहरा छाया रहा।
  • राजस्थान के अलवर में खेतों पर ओस जम गई, जिससे सर्दी का असर साफ नजर आया।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर भारत की ठंड और बढ़ सकती है। कई राज्यों में न्यूनतम तापमान और नीचे जाने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button