ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बाबा कर्मेश्वर धाम पहुंचे CM साय, मंगल भवन की घोषणा; रुद्राभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

बलरामपुर-रामानुजगंज। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को विकासखंड राजपुर के ग्राम कर्रा पहुंचे।

यहां उन्होंने श्री महारुद्र यज्ञ एवं शिव पुराण कथा में शामिल होकर प्राचीन बाबा कर्मेश्वर धाम में भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की। इस दौरान उन्होंने ग्राम कर्रा में मंगल भवन निर्माण की घोषणा भी की।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पावन श्रावण मास में कर्रा की भूमि पर महारुद्र यज्ञ और शिव पुराण कथा का आयोजन सौभाग्य की बात है।

उन्होंने कथावाचक आचार्य दिव्यानंद जी महाराज को नमन करते हुए आयोजन समिति और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की कृपा पूरे छत्तीसगढ़ पर बनी रहे और हर परिवार में सुख, शांति और समृद्धि आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ धर्म, संस्कृति और आस्था की समृद्ध परंपराओं की भूमि है। राज्य सरकार प्राचीन मंदिरों और धार्मिक स्थलों के संरक्षण-संवर्धन के लिए लगातार काम कर रही है।

प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों को धार्मिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

उन्होंने बताया कि श्री रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक करीब 50 हजार श्रद्धालु अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन कर चुके हैं। वहीं तीर्थ दर्शन योजना के तहत करीब 10 हजार लोग देश के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा कर चुके हैं।

साय ने कहा कि बस्तर अब शांति और विकास के नए दौर में आगे बढ़ रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और संचार जैसी सुविधाओं का विस्तार दूरस्थ क्षेत्रों तक किया जा रहा है।

बाबा कर्मेश्वर धाम में मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत अपनी माता जसमनी देवी साय के नाम पर रुद्राक्ष का पौधा लगाया। संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने बेल का पौधा रोपा। इस दौरान विधायक गोमती साय सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button