हॉस्टल के टॉयलेट में 9वीं के छात्र ने लगाई फांसी: प्रिंसिपल सस्पेंड, परिजनों ने FIR की मांग को लेकर घेरा थाना

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रावास में 9वीं कक्षा के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह छात्र का शव हॉस्टल के टॉयलेट में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों ने स्कूल के प्रिंसिपल पर छात्र को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्रिंसिपल छोटी-छोटी बातों पर छात्र को डांटते थे।

मामला बाराद्वार थाना क्षेत्र के पलाड़ी कला एकलव्य आवासीय विद्यालय का है। मृतक छात्र की पहचान 15 वर्षीय ओमेश कुमार कंवर, निवासी ग्राम बासीन के रूप में हुई है। वह हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

टॉयलेट में मिला शव

जानकारी के मुताबिक, 6 अगस्त की सुबह छात्र का शव छात्रावास के शौचालय में फंदे से लटका मिला। स्कूल प्रबंधन उसे तत्काल सक्ती जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की।

परिजनों का प्रिंसिपल पर आरोप

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने प्राचार्य मनोज गुप्ता पर छात्र को डांटने और मानसिक दबाव बनाने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि छात्र इन परिस्थितियों से परेशान था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले हॉस्टल में रहने वाले छात्रों ने अव्यवस्थाओं और कथित प्रताड़ना को लेकर कलेक्टर से शिकायत की थी।

परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को नहीं दी गई। इसी को लेकर शनिवार रात उन्होंने थाने का घेराव करते हुए प्रिंसिपल के खिलाफ FIR दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति के आयुक्त ने प्राचार्य मनोज गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। हालांकि, परिजन निलंबन से संतुष्ट नहीं हैं और आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। छात्र की मौत के वास्तविक कारणों और लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Exit mobile version