ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बंदूक छोड़ विकास की राह चुनी: सरकारी योजनाओं ने बदली मड़कम भीमा की जिंदगी, अब सम्मान के साथ जी रहे आत्मनिर्भर जीवन

सुकमा। सुकमा जिले में शासन की पुनर्वास नीति और जनकल्याणकारी योजनाएं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।

कोंटा विकासखंड के ग्राम पंचायत पोलमपल्ली निवासी मड़कम भीमा इसकी एक प्रेरक मिसाल बनकर सामने आए हैं। उन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़कर लोकतंत्र और विकास की मुख्यधारा को अपनाया।

जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों के सहयोग से आज वे सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन जी रहे हैं।

मुख्यधारा में लौटने के बाद मड़कम भीमा को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ा गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत उन्हें पक्का मकान बनाने के लिए आर्थिक सहायता मिली।

अब उनका परिवार सुरक्षित और सुविधाजनक घर में रह रहा है। पक्के आवास ने न सिर्फ उनकी जीवनशैली बदली, बल्कि भविष्य के प्रति भरोसा भी मजबूत किया।

रोजगार के लिए उन्हें महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत काम उपलब्ध कराया गया। गांव के विकास कार्यों में श्रम देकर उन्होंने नियमित आय अर्जित की।

मजदूरी की राशि सीधे उनके बैंक खाते में पहुंची, जिससे आर्थिक स्थिति में सुधार आया और आत्मनिर्भर बनने का आत्मविश्वास भी बढ़ा।

मड़कम भीमा का कहना है कि शासन की योजनाओं और जिला प्रशासन के सहयोग ने उन्हें नई पहचान और नया जीवन दिया है। अब वे अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए मेहनत कर रहे हैं और समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक जीवन बिता रहे हैं।

उनकी कहानी इस बात का प्रमाण है कि पुनर्वास नीति और जनकल्याणकारी योजनाएं केवल सुविधाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लोगों को नई दिशा और नई उम्मीद भी देती हैं।

मड़कम भीमा आज उन युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं, जो हिंसा का रास्ता छोड़कर शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के जरिए बेहतर भविष्य बनाना चाहते हैं। शासन का उद्देश्य ऐसे प्रत्येक व्यक्ति को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर स्थायी विकास और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Back to top button