ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना से श्रमिक परिवारों के बच्चों को मिली नई उड़ान, प्रतिष्ठित स्कूलों में हुआ चयन

बीजापुर। आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों के लिए अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना उम्मीद की नई किरण बनकर उभरी है।

इस योजना के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित निजी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिल रहा है, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार हो रही है।

जिले के विभिन्न विकासखंडों से कई होनहार विद्यार्थियों का चयन इस योजना के तहत हुआ है। विकासखंड उसूर के ग्राम बसागुड़ा की छात्रा सान्वी संगम का चयन दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव में हुआ है।

वहीं विकासखंड भोपालपटनम के ग्राम गुल्लागुड़ा की छात्रा परिधि कावटी, विकासखंड बीजापुर के ग्राम सागमेटा के छात्र देवांश जनगम और ग्राम गुल्लागुड़ा की छात्रा निहारिका नीकुरी का चयन हम एकेडमी, जगदलपुर में हुआ है।

विकासखंड भैरमगढ़ के ग्राम छोटे गोगला के छात्र आदित्य कोरसा का चयन भी दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव में हुआ है।

चयनित विद्यार्थियों के अभिभावकों ने बताया कि वे श्रमिक परिवार से हैं और सीमित आय के कारण बच्चों को निजी विद्यालयों में पढ़ाना उनके लिए संभव नहीं था।

श्रम विभाग में पंजीयन के बाद उन्हें अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना की जानकारी मिली। आवेदन करने पर बच्चों की प्रतिभा के आधार पर उनका चयन हुआ, जिससे उनके सपनों को नई दिशा मिली।

अब इन विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण सुविधाएं, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल रहा है। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी मेहनत से पढ़ाई कर रहे हैं।

कलेक्टर विश्वदीप ने चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से मुलाकात कर बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, माता-पिता, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को समान अवसर प्रदान कर उनके सपनों को नई पहचान देने का प्रभावी माध्यम बन रही है। यह योजना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सामाजिक समावेशन और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Related Articles

Back to top button