डे-केयर में बच्चे से क्रूरता: बाथरूम में किया बंद, वॉशिंग मशीन में बैठाया; 5 केयरगिवर पर केस

बेंगलुरु। आईटी कंपनी कैपजेमिनी के एचएएल कैंपस स्थित डे-केयर सेंटर में छोटे बच्चे के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में 2-3 साल का बच्चा बाथरूम में बंद होकर रोता दिखाई दे रहा है। दूसरे वीडियो में एक महिला केयरगिवर बच्चे को टॉयलेट सीट पर बैठाकर जेट स्प्रे से उसके चेहरे पर पानी डालती नजर आ रही है। एक अन्य वीडियो में बच्चे को फ्रंट लोड वॉशिंग मशीन के ड्रम में बैठाया गया है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पांच महिला केयरगिवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि डे-केयर सेंटर का संचालन सीधे कैपजेमिनी कर रही थी या किसी बाहरी एजेंसी के माध्यम से किया जा रहा था।
डीसीपी सैदुलु अडावथ ने बताया कि इस डे-केयर में कैंपस में काम करने वाले कर्मचारियों के बच्चे रहते थे। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस तरह का व्यवहार अन्य बच्चों के साथ भी हुआ या नहीं।
मामले का संज्ञान कर्नाटक राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी लिया है। आयोग ने अधिकारियों से रिपोर्ट तलब करने की बात कही है। वहीं, कैपजेमिनी ने बयान जारी कर कहा कि कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कंपनी जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है और एहतियात के तौर पर बेंगलुरु स्थित ऑन-कैंपस डे-केयर सेंटर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा और डे-केयर सेंटरों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अभिभावकों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।





