कुम्हारी हादसे पर सीएम साय ने जताया दुख: मृतकों के परिजनों को 9-9 लाख सहायता की घोषणा

दुर्ग। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। शॉर्ट सर्किट और सिलेंडर विस्फोट से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री ने इसे बेहद हृदयविदारक घटना बताया और प्रभावित परिवार के प्रति संवेदना जताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे की खबर से मन अत्यंत व्यथित है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतकों के परिजनों को 9-9 लाख रुपए सहायता राशि देने की घोषणा की है। इसमें शासन के नियमानुसार मिलने वाली 4-4 लाख रुपए की सहायता के अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने 5-5 लाख रुपए की विशेष सहायता राशि देने का ऐलान किया है। सरकार की ओर से यह मदद तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवार के लिए हर जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने परिजनों के ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराने को भी कहा गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को कुम्हारी स्थित एक मकान में शॉर्ट सर्किट के बाद सिलेंडर ब्लास्ट हुआ था। धमाका इतना तेज था कि घर में भीषण आग लग गई और आग की चपेट में आने से परिवार के चार सदस्यों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।





