मुख्यमंत्री 22 मेधावी श्रमिक बच्चों को करेंगे सम्मानित, डीबीटी से खातों में पहुंचेगी रकम

रायपुर। रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 5 जून को रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों को सम्मानित करेंगे।

मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में टॉप-10 में स्थान हासिल करने वाले श्रमिक परिवारों के 22 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

दोपहर 2.30 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन और छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. राम प्रताप सिंह भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में हितग्राहियों की उपस्थिति रहेगी।

मुख्यमंत्री इस अवसर पर विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के तहत 28 हजार 754 निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारजनों को कुल 7 करोड़ 79 लाख 52 हजार 370 रुपए की सहायता राशि भी प्रदान करेंगे।

यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी।

सरकार की इस पहल का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।

विशेष रूप से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक मेधावी छात्र को 1 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

इसके अलावा उच्च शिक्षा और आवागमन को आसान बनाने के लिए दोपहिया वाहन खरीदने हेतु 1 लाख रुपए का अतिरिक्त अनुदान भी दिया जाएगा।

इस तरह टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को कुल 2 लाख रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी। राज्य सरकार का मानना है कि इससे श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और भविष्य के अवसर प्राप्त होंगे।

सरकार की यह पहल न केवल मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने का प्रयास है, बल्कि श्रमिक परिवारों में शिक्षा के प्रति जागरूकता और उत्साह बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Exit mobile version