ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राष्ट्रीय खेल दिवस पर मुख्यमंत्री साय ने देखी छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों की गौरवगाथा, ‘हमारे खिलाड़ी’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन

रायपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समारोह में छत्तीसगढ़ के गौरवशाली खेल इतिहास और खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की खेल विभूतियों के जीवन, संघर्ष, उपलब्धियों और खेल जगत में उनके योगदान से जुड़ी तस्वीरों और जानकारियों को देखा। उन्होंने प्रदेश की खेल विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की इस पहल की सराहना की।

शहीद खिलाड़ियों से लेकर वीर हनुमान सिंह तक की कहानी

विशेष फोटो प्रदर्शनी में शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद पंकज विक्रम, शहीद कौशल यादव और शहीद विनोद चौबे सहित प्रदेश की कई खेल विभूतियों के जीवन और योगदान को तस्वीरों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। वीर हनुमान सिंह के जीवन, खेल साधना और खेल जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान को भी प्रमुखता से स्थान दिया गया।

प्रदर्शनी में खिलाड़ियों के संघर्ष से सफलता तक के सफर को रेखांकित किया गया है। इसमें उनकी उपलब्धियों के साथ ऐसे प्रेरक प्रसंग भी शामिल हैं, जो युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित करने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।

‘हमारे खिलाड़ी’ में दर्ज होगी खेल प्रतिभाओं की यात्रा

मुख्यमंत्री ने ‘हमारे खिलाड़ी’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों का जीवन परिचय, खेल यात्रा, उपलब्धियां और योगदान आकर्षक तस्वीरों के साथ संकलित किया गया है। यह पुस्तक प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों को दस्तावेज के रूप में सहेजने के साथ नई पीढ़ी को खेल विरासत से जोड़ने का माध्यम बनेगी।

फोटो प्रदर्शनी और पुस्तक को खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जनसंपर्क विभाग ने तैयार किया है। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित मंत्री, सांसद, विधायक, खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button