ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री साय ने ‘ट्री एटीएम’ को दिखाई हरी झंडी: वन विभाग की अनूठी पहल,अब मुफ्त मिलेंगे पौधे

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के बगिया हेलीपैड परिसर में वन विभाग की अभिनव पहल ‘ट्री एटीएम’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मोबाइल ट्री एटीएम के जरिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आम नागरिकों को निःशुल्क पौधों का वितरण किया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण से जोड़ना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।

मुख्यमंत्री ने स्वयं ट्री एटीएम से आंवला का पौधा प्राप्त किया और उपस्थित लोगों को भी पौधों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु पौधरोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है और यह पहल लोगों तक विभिन्न प्रजातियों के पौधे आसानी से पहुंचाने में मदद करेगी। इससे प्रदेश में हरित आवरण बढ़ेगा और पर्यावरण संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान से प्रेरणा लेकर छत्तीसगढ़ में भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया हर पौधा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार बनेगा।

वन विभाग की इस पहल की खास बात यह है कि ट्री एटीएम से केवल पौधे ही नहीं दिए जाएंगे, बल्कि पौधरोपण की सही विधि, संरक्षण और देखभाल की जानकारी भी लोगों को दी जाएगी। अभियान का संदेश ‘आज का पौधा, आने वाली पीढ़ियों की छांव’ रखा गया है, ताकि लोग पौधे लगाने के साथ उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी निभाएं।

वन विभाग का मानना है कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने के साथ-साथ पौधों के जीवित रहने की दर बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related Articles

Back to top button