ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

व्यापार मेले में दिखेगी छत्तीसगढ़ की कला और उद्यमिता: श्रुति सिंह ने किया पवेलियन का शुभारंभ

जनजातीय शिल्प, स्थानीय उत्पादों और स्टार्टअप नवाचारों को मिला राष्ट्रीय मंच; खरीदारों और निवेशकों से जुड़ने का मिलेगा मौका

रायपुर। छत्तीसगढ़ की जनजातीय कला, पारंपरिक शिल्प और स्थानीय उत्पाद अब राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी पहचान बनाने की तैयारी में हैं।

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, औद्योगिक क्षमताओं और स्टार्टअप नवाचारों को प्रदर्शित किया जा रहा है। शुक्रवार को राज्य की रेजिडेंट कमिश्नर श्रुति सिंह ने पवेलियन का शुभारंभ किया।

उद्घाटन के बाद श्रुति सिंह ने विभिन्न विभागों, उद्यमियों और स्टार्टअप्स के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉल संचालकों और प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनके उत्पादों, सेवाओं और व्यावसायिक गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान युवा उद्यमियों के तकनीक आधारित उत्पादों, नए व्यावसायिक विचारों और नवाचारों में विशेष रुचि दिखाई।

कारीगरों और स्टार्टअप्स को मिलेगा बाजार

छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदेश की जनजातीय एवं सांस्कृतिक विरासत, हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाओं, स्थानीय उत्पादों और औद्योगिक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही राज्य के उभरते स्टार्टअप इकोसिस्टम की झलक भी देखने को मिल रही है।

इस आयोजन से प्रदेश के कारीगरों, लघु उद्यमियों और स्टार्टअप संचालकों को देश-विदेश के खरीदारों, निवेशकों और कारोबारी प्रतिनिधियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।

व्यापार और निवेश की संभावनाओं पर फोकस

व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की भागीदारी का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना और प्रदेश की व्यावसायिक पहचान मजबूत करना है। इसके जरिए व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग के नए अवसर तलाशने पर भी जोर दिया जा रहा है। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों के साथ नए उद्यमों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान मिले।

Related Articles

Back to top button