ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ का बढ़ा कद: रूप कुमारी चौधरी बनीं राष्ट्रीय अध्यक्ष, दीपक म्हस्के को मिली बड़ी जिम्मेदारी

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नई टीम का ऐलान कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को 69 पदाधिकारियों की नई सूची जारी की। नई टीम में छत्तीसगढ़ को भी अहम प्रतिनिधित्व मिला है। सांसद रूप कुमारी चौधरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। भाजपा की ओर से जारी सूची में कई राज्यों के वरिष्ठ नेताओं को संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में राजस्थान की वसुंधरा राजे, उत्तराखंड के तीरथ सिंह रावत, दिल्ली के राम माधव और ओडिशा के बैजयंत जय पांडा समेत कई प्रमुख नेताओं को शामिल किया गया है।

छत्तीसगढ़ से सांसद रूप कुमारी चौधरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने को प्रदेश संगठन के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पार्टी के भीतर इसे महिला नेतृत्व को मजबूत करने और राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। रूप कुमारी चौधरी लंबे समय से संगठन और जनप्रतिनिधि के रूप में सक्रिय रही हैं।

वहीं, दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाकर भाजपा ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी रणनीति को और धार देने का संकेत दिया है। म्हस्के पार्टी की सोशल मीडिया गतिविधियों और डिजिटल अभियानों से लंबे समय से जुड़े रहे हैं। संगठनात्मक कार्यों के साथ-साथ वे डिजिटल संचार के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा युवा, महिला, किसान, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक मोर्चों में भी नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

माना जा रहा है कि भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करने, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और डिजिटल माध्यमों के जरिए जनसंपर्क बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related Articles

Back to top button