ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में मिनी नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप शुरू: 30 राज्यों के 250 खिलाड़ी दिखाएंगे दम; डिप्टी CM साव बोले- खिलाड़ियों को ओलंपिक तक पहुंचाना लक्ष्य

मोवा के आईस्पोर्ट्ज एरिना में चार दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ; छत्तीसगढ़ में बैडमिंटन स्टेडियम बनाने की भी तैयारी

रायपुर। रायपुर में देशभर के युवा बैडमिंटन खिलाड़ियों का जमावड़ा लगा है। राजधानी के मोवा स्थित आईस्पोर्ट्ज बैडमिंटन एरिना में 5वीं मिनी राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता शुरू हो गई है।

चार दिन चलने वाली इस स्पर्धा में 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 250 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उप मुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय लेकर खेल से जुड़े अनुभवों पर चर्चा की और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

बैडमिंटन में धैर्य और तेजी जरूरी

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि बैडमिंटन सिर्फ शारीरिक क्षमता का खेल नहीं है। इसमें धैर्य, एकाग्रता, तेज नजर, पैरों की फुर्ती और तुरंत निर्णय लेने की क्षमता भी जरूरी होती है।

राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का मौका मिलता है।

प्रदेश में बनेगा बैडमिंटन स्टेडियम

साव ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल अधोसंरचना का विस्तार कर रही है। इसी दिशा में बैडमिंटन स्टेडियम निर्माण को मंजूरी दी गई है।

सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास सुविधाएं मिलें और वे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाएं।

पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी को 31 लाख की प्रोत्साहन राशि

उप मुख्यमंत्री ने एशियन पैरा गेम्स-2026 में कांस्य पदक जीतने वाले छत्तीसगढ़ के अभिजीत सखूजा का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनकी उपलब्धि पर 31 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।

डिप्टी सीएम साव ने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रदेश के खिलाड़ी ओलंपिक तक पहुंचें और देश के लिए पदक जीतें।

कार्यक्रम में खेल विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम सिसोदिया और सचिव संजय मिश्रा सहित पदाधिकारी व खिलाड़ी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button