छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

शिवरात्रि का मेला देखकर लौट रहे थे, तभी पलटी ट्रैक्टर – ट्रॉली, 3 की मौत, 30 ग्रामीण घायल

जांजगीर-चांपा। महाशिवरात्रि का मेला देखकर लौट रहे लोग हादसे के शिकार हो गए। ट्रैक्टर ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलटने से 3 लोगों की मौत हो गई। जबकि 30 ग्रामीण घायल हो गए। इनमे 80 साल की बुजुर्ग ने अस्पताल में दम तोड़ा। गंभीर रूप से 8 घायलों को बिलासपुर रेफर किया गया है।  मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक संकर गांव के रहने वाले 30 से ज्यादा लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर परसही नाला गांव में आयोजित महाशिवरात्रि के मेले में गए हुए थे। वहां से शनिवार देर शाम ये सभी वापस लौट रहे थे, लेकिन तेज रफ्तार ट्रैक्टर गांव से थोड़ी दूर पहले ही अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे से 5 फीट नीचे जाकर पलटा, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई। हादसे में दुर्गेश सिंह ठाकुर (19 वर्ष) और युगल किशोर पटेल (25 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अकलतरा सीएचसी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 8 लोगों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया। हालांकि बिलासपुर में इलाज के दौरान 80 साल की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बाकी गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज जारी है।

पुलिस ने बताया कि दोनों युवकों के शव को रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

Related Articles

Back to top button