Chhattisgarh

सीजीएमएससी छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं को कर रहा सशक्त: सीएम साय

दीपक म्हस्के ने संभाला अध्यक्ष पद, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय के सभागार में छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीजीएमएससी) के नए अध्यक्ष दीपक म्हस्के के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने म्हस्के को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सीजीएमएससी प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सीजीएमएससी केवल दवाइयों और उपकरणों की आपूर्ति एजेंसी नहीं, बल्कि यह संस्था अब प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था का मजबूत स्तंभ बन चुकी है। उन्होंने बताया कि दीपक म्हस्के पहले एक शिक्षक रहे हैं, और उनके अनुभव से अब संगठन को वैज्ञानिक दृष्टिकोण मिलेगा, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा। कार्यक्रम में सीजीएमएससी की नई सप्लाई चेन मैनेजमेंट एसओपी का भी विमोचन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बेहतर हो रही हैं। राज्य में एम्स जैसी संस्था के साथ 13 मेडिकल कॉलेज भी स्थापित हो चुके हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए कहा कि यह योजना करोड़ों गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा दे रही है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी दीपक म्हस्के को शुभकामनाएं दीं और कहा कि योग्य नेतृत्व में यह संस्था अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में सफल होगी।

कार्यक्रम को स्वास्थ्य मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल ने भी संबोधित किया। उन्होंने सीजीएमएससी और स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर विधायकगण, महापौर  मीनल चौबे, मुख्यमंत्री के सचिवगण, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button