ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

युवक की हत्या का आरोप: शादीशुदा महिला ने घर बुलाया, साथियों ने चाकू से हमला कर कुएं में फेंका; इलाज के दौरान मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि एक शादीशुदा महिला ने अपने 3-4 साथियों के साथ मिलकर प्रेमी को घर बुलाया, जहां उस पर जानलेवा हमला किया गया।

गंभीर रूप से घायल युवक को आरोपियों ने कुएं में फेंक दिया। बाद में उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामला मिरतुर थाना क्षेत्र का है।

मृतक की पहचान दिलीप कडियम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दिलीप का पिछले करीब एक साल से बीजापुर नगर पालिका में कार्यरत एक शादीशुदा महिला के साथ प्रेम संबंध था। बाद में उसे महिला के विवाहित होने की जानकारी मिल गई थी, लेकिन दोनों के बीच संपर्क बना रहा।

परिजनों का आरोप है कि 5 जुलाई को महिला ने दिलीप को शांतिनगर स्थित अपने घर बुलाया था। वहां पहले से कुछ युवक मौजूद थे।

बातचीत के दौरान विवाद होने पर आरोपियों ने दिलीप के सिर पर पत्थर से हमला किया और फिर धारदार हथियार से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे पास के एक कुएं में फेंक दिया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों और परिजनों ने युवक को कुएं से बाहर निकाला। उसे पहले बीजापुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज डिमरापाल (मेकाज) रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने महिला और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

धिकारियों का कहना है कि आरोपियों की भूमिका, घटना के कारण और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button