रायपुर में खुलेंगे 7 नए रजिस्ट्री ऑफिस, 14 जगह हो सकेगी जमीनों की रजिस्ट्री

रायपुर। प्रॉपर्टी खरीदने वालों के लिए राहत की खबर है। राजधानी में जमीन और मकान की रजिस्ट्री प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए 7 नए रजिस्ट्री कार्यालय खोले जाएंगे। नए कार्यालय शुरू होने के बाद रायपुर में कुल 14 जगहों पर जमीन की रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे मौजूदा रजिस्ट्री कार्यालयों में बढ़ने वाली भीड़ कम होगी और लोगों को लंबी कतारों से राहत मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के मुताबिक, नए रजिस्ट्री कार्यालय राजधानी के आउटर और तेजी से विकसित हो रहे इलाकों में खोले जाएंगे। इसके लिए प्रशासन ने भवनों की तलाश शुरू कर दी है। टाटीबंध-हीरापुर, अमलीडीह-अवंति विहार और बीरगांव-सिलतरा समेत अन्य बाहरी क्षेत्रों में नए केंद्र बनाए जाने की योजना है।
रोज करीब 400 प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री
राजधानी में रोजाना करीब 400 जमीन और प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री होने की जानकारी सामने आई है। बड़ी संख्या में रजिस्ट्री होने के कारण मौजूदा कार्यालयों में लोगों की भीड़ रहती है। कई लोगों को अपनी बारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। नए कार्यालय खुलने से रजिस्ट्री का काम अलग-अलग केंद्रों में बंट जाएगा।
डिजिटल सुविधाओं से प्रक्रिया होगी आसान
नए रजिस्ट्री केंद्रों में आधुनिक डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है। ऑनलाइन प्रक्रिया को बढ़ावा मिलने से दस्तावेजों से जुड़े काम में आसानी होगी। साथ ही पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने और बिचौलियों की भूमिका कम होने की उम्मीद है।
नए केंद्रों के लिए प्रशासन ने आउटर इलाकों में उपयुक्त भवन तलाशने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। भवनों के चयन और अन्य जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्यालय शुरू किए जाएंगे। इससे टाटीबंध, हीरापुर, अमलीडीह, अवंति विहार, बीरगांव और सिलतरा जैसे क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों को रजिस्ट्री के लिए शहर के मुख्य कार्यालय तक आने की जरूरत कम पड़ेगी।





