देश और राज्य के भविष्य की दिशा तय करने का आधार है जनगणना: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश और राज्य के भविष्य की दिशा तय करने का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। वे राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में जनगणना 2027 के तहत ऑनलाइन स्व-गणना कर राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर नागरिकों से इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भारत में विश्व का सबसे बड़ा जनगणना अभियान संचालित हो रहा है और छत्तीसगढ़ में 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इस अवधि में नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना को आधुनिक, डिजिटल और अधिक पारदर्शी स्वरूप दिया गया है, जिससे प्रक्रिया सरल और सुलभ बनेगी।
उन्होंने कहा कि जनगणना के सटीक आंकड़े आगामी वर्षों की योजनाओं के निर्माण में अत्यंत उपयोगी होते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सरकार विकास योजनाएं बनाती है, ताकि हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंच सके। मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 मई 2026 से मकान सूचीकरण और गणना का कार्य शुरू होगा, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर आवास, सुविधाओं और बुनियादी ढांचे से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा इस महाअभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि सभी जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल नीति निर्माण के लिए होगा। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका है। सही आंकड़े ही मजबूत नीति और समग्र विकास की नींव रखते हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।



