कोरिया ट्रिपल मर्डर केस की होगी CBI जांच: रेत तस्करी विवाद में BJP नेता समेत 3 की हत्या, 12 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में भाजपा नेता समेत तीन लोगों की नृशंस हत्या के मामले में राज्य सरकार ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने का फैसला किया है। पीड़ित परिवार लंबे समय से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा था। सरकार की मंजूरी के बाद अब इस बहुचर्चित हत्याकांड की जांच CBI करेगी। मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
यह वारदात 16 जून की रात सोनहत क्षेत्र के नौगई गांव में हुई थी। आरोप है कि रेत तस्करी और अवैध वसूली के विवाद में हमलावरों ने भाजपा नेता लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। उस समय वाहन में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे। आग में लल्ला सिंह और नागेंद्र सिंह की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि लल्ला सिंह के भाई की फरसे से गला काटकर हत्या कर दी गई। दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि क्षेत्र में अवैध रेत खनन और वसूली को लेकर सिंह और त्रिपाठी परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना से कुछ घंटे पहले दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी, जिसके बाद मामला और भड़क गया। परिजनों का आरोप है कि समझौते के लिए पहुंचे परिवार पर पहले से सुनियोजित हमला किया गया।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी सहित कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच के दौरान घटनास्थल का पुनर्निर्माण भी कराया गया और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
इस घटना को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने भी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि रेत माफिया पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है तो रेत खनन की ठेका प्रणाली पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। वहीं, पीड़ित परिवार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जल्द न्याय की मांग दोहराई है।
पढ़े आदेश की कॉपी






