सावधान! 10वीं रिजल्ट से पहले साइबर ठग सक्रिय, छात्रों के परिजनों को फोन करके दे रहे झांसा

गरियाबंद। 10वीं बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट से पहले साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं और अभिभावकों को निशाना बना रहे हैं। जिले के फिंगेश्वर क्षेत्र से ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक छात्रा के परिजनों को फर्जी कॉल कर पास कराने के नाम पर पैसे मांगे गए।
जागरूक पालक चेतन निर्मलकर ने बताया कि उन्हें लगातार अनजान नंबर से कॉल आ रहा था। कॉल करने वाला खुद को बोर्ड ऑफिस का अधिकारी बताकर उनकी बेटी को दो विषयों में फेल बता रहा था और पास कराने के लिए 2500 से 5000 रुपये की मांग कर रहा था। ठगों ने एपीके फाइल, क्यूआर कोड और फोटो भेजकर मोबाइल हैक करने की भी कोशिश की।
सौभाग्य से पालक की सतर्कता के कारण वे ठगी का शिकार होने से बच गए। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि किसी भी अनजान लिंक, एपीके फाइल या क्यूआर कोड पर बिना जांच क्लिक न करें।
साइबर ठगी से बचने के उपाय
यदि कोई व्यक्ति ठगी का शिकार हो जाता है, तो तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही भारत सरकार के National Cyber Crime Reporting Portal पर ऑनलाइन शिकायत भी की जा सकती है।
शिकायत दर्ज करने के लिए पोर्टल पर “File a Complaint” विकल्प चुनें, आवश्यक जानकारी भरें और घटना से जुड़े सबूत जैसे स्क्रीनशॉट, बैंक डिटेल्स आदि अपलोड करें। शिकायत के बाद एक आईडी मिलती है, जिसे सुरक्षित रखें।
आपात स्थिति में 1930 हेल्पलाइन नंबर पर तुरंत कॉल करें। याद रखें, साइबर ठगी में समय सबसे महत्वपूर्ण होता है—जितनी जल्दी शिकायत करेंगे, पैसा बचने की संभावना उतनी ही अधिक होगी।





