कार्टून समाज का दर्पण, सोचने और आत्ममंथन के लिए करता है प्रेरित: CM साय

रायपुर में कार्टून फेस्टिवल-2026 का आयोजन, कार्टून वॉच पत्रिका के 30 साल पूरे होने पर दी बधाई; अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कार्टून केवल हास्य और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण है। यह गंभीर विषयों और सामाजिक विसंगतियों को हास्य-व्यंग्य के जरिए सहजता से लोगों तक पहुंचाता है। कई बार जो बात हजारों शब्दों में कहना मुश्किल होता है, उसे एक प्रभावशाली कार्टून सरलता से बयां कर देता है। कार्टून लोगों को हंसाने के साथ सोचने और आत्ममंथन के लिए भी प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री बुधवार को राजधानी रायपुर में कार्टून वॉच पत्रिका की ओर से आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पत्रिका के 30 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि कला और साहित्य समाज की चेतना के वाहक हैं। कार्टून में चित्र, विचार, हास्य और व्यंग्य का अनूठा समन्वय देखने को मिलता है। यह जनभावनाओं, जनअपेक्षाओं और सामाजिक सरोकारों को अभिव्यक्त करने का प्रभावी माध्यम है।
सीएम साय ने भारतीय कार्टून कला में आर.के. लक्ष्मण के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्मण का चर्चित ‘कॉमन मैन’ देश के सामान्य नागरिक की आशाओं, अपेक्षाओं और चिंताओं का प्रतीक बन गया। बदलते भारत और सामाजिक परिस्थितियों को अभिव्यक्त करने में उनका योगदान भारतीय पत्रकारिता की अमूल्य विरासत है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और सेवा यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। वहीं, जयपुर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने इसे कलाकार की दीर्घकालीन साधना और रचनात्मक योगदान का सम्मान बताया।
मुख्यमंत्री ने युवा कार्टूनिस्टों से अपनी प्रतिभा और कल्पनाशीलता को नई उड़ान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों ने कलाकारों के लिए नए अवसर खोले हैं। युवा अपनी मौलिकता बनाए रखते हुए इन मंचों का उपयोग करें और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है।





