कांच और कचरे के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 85 लाख का गांजा

महासमुंद में मिनी ट्रक से 170.75 किलो गांजा जब्त, कार से पीछा कर रहे 3 तस्कर भी गिरफ्तार
महासमुंद। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 170.75 किलो गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत करीब 85 लाख रुपए बताई गई है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे की खेप को मिनी ट्रक में कांच के टुकड़ों और कचरे के नीचे छिपा रखा था। पुलिस ने मामले में ट्रक चालक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक 26 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मिनी ट्रक से गांजे की बड़ी खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर महासमुंद थाना पुलिस ने एनएच-353 पर बिरकोनी के महाराजा ढाबा के पास घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध मिनी ट्रक क्रमांक DD 01 M/9023 को रोककर जांच की गई।
कचरे के नीचे मिला गांजा
ट्रक की शुरुआती जांच में सिर्फ कांच के टुकड़े और कचरा दिखाई दिया। पुलिस को संदेह होने पर जब गहराई से तलाशी ली गई तो कांच और कचरे के नीचे छिपाकर रखे पैकेट मिले। जांच करने पर इनमें 170.75 किलो गांजा बरामद हुआ।
ट्रक चालक अंकित कुमार यादव (25), निवासी रायबरेली, उत्तर प्रदेश से पूछताछ की गई। उसने बताया कि कुछ लोग स्विफ्ट कार से ट्रक का पीछा कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने लाल रंग की स्विफ्ट कार क्रमांक UP 65 BL/9148 को भी रोक लिया।
कार से पीछा कर रहे थे तीन आरोपी
कार में संतोष गुप्ता (60), अविनाश सिंह (43) और श्याम प्रकाश सोनी (37) सवार थे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। जांच में चारों के गांजा तस्करी में शामिल होने की बात सामने आई।
ओडिशा से यूपी जा रही थी खेप
पुलिस के अनुसार आरोपी गांजे की खेप बौद्धगढ़, ओडिशा से फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। सामान्य जांच में गांजा दिखाई न दे, इसलिए उसे कांच के टुकड़ों और कचरे के नीचे छिपाया गया था।
पुलिस ने गांजे के अलावा मिनी ट्रक, स्विफ्ट कार, मोबाइल और 3,670 रुपए नकद जब्त किए हैं। कुल जब्ती की कीमत 97 लाख 3 हजार 970 रुपए आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ महासमुंद थाने में धारा 20(ख) नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





