StateNewsदेश - विदेश

कैंसर का ₹80 हजार का इंजेक्शन अब ₹7,150 में मिलेगा, 543 दवाओं के दाम बदले

नई दिल्ली। कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई महंगी दवाएं अब मरीजों को पहले के मुकाबले काफी कम कीमत पर मिलेंगी। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) के फैसले के बाद कैंसर की 543 दवा ब्रांडों और पैक की कीमतों में बदलाव किया गया है। इनमें 397 यानी करीब 73% दवाओं के दाम घटाए गए हैं। नई कीमतें 9 नवंबर से लागू होंगी।

सबसे बड़ी राहत सैमटेपा इंजेक्शन की कीमत में मिली है। इसकी कीमत 80,071 रुपए से घटाकर 7,150 रुपए कर दी गई है। इसी तरह पैलबोप्रो दवा के 21 कैप्सूल वाले पैक की कीमत 40,421 रुपए से घटकर 2,720 रुपए रह गई है।

217 दवाओं की कीमत आधे से भी कम

दामों में कटौती का असर कई दवाओं पर पड़ा है। कुल 217 दवाओं की कीमत आधे से भी कम हो गई है। वहीं, 97 ब्रांड की दवाओं के दाम 70% से ज्यादा और 50 के दाम 80% से ज्यादा घटाए गए हैं। पांच दवाओं की कीमतों में 90% से अधिक की कमी की गई है। हालांकि, 146 ब्रांड और पैक की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

सरकार ने 137 एंटी-कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन को अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) के 30% तक सीमित किया है। इससे मरीजों को सालाना करीब 2,500 करोड़ रुपए की बचत होने की उम्मीद जताई गई है।

सुप्रीम कोर्ट ने भी उठाए थे सवाल

दवाओं की कीमतों और कंपनियों के मुनाफे को लेकर सुप्रीम कोर्ट में हाल के दिनों में कई बार सुनवाई हुई है। कोर्ट ने दवाओं की वास्तविक कीमत और MRP के बीच बड़े अंतर पर सवाल उठाए थे। 27 अक्टूबर को भी अदालत ने पूछा था कि दवाओं की कीमतों पर नियंत्रण क्यों नहीं हो पा रहा है।

हालांकि, सभी महंगी दवाओं के दाम नहीं घटे हैं। कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कीट्रूडा की कीमत 2,16,500 रुपए बनी हुई है। रिबोसाइक्लिब, टैग्रिसो और टेसेंट्रिक जैसी दवाओं की कीमतों में भी बदलाव नहीं हुआ है।

Related Articles

Back to top button