वाराणसी में भाजपा बैकफुट पर, सपा का जश्न शुरू: रातभर मतगणना केंद्र पर डटे रहे 500 कार्यकर्ता

वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) चुनाव में वाराणसी की स्नातक सीट के नतीजे को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। मतगणना के तीसरे दिन गुरुवार को भी परिणाम अटका रहा।
बुधवार शाम से शुरू हुआ हंगामा रातभर जारी रहा। कभी समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ता धरने पर बैठे तो कभी भाजपा प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार फोन पर हर राउंड की जानकारी लेते रहे। उनके निर्देश पर करीब 500 कार्यकर्ता रातभर मतगणना केंद्र के बाहर डटे रहे।
आशुतोष सिन्हा की बढ़त, प्रमाणपत्र का इंतजार
वाराणसी की दो एमएलसी सीटों में शिक्षक सीट पर सपा पहले ही जीत दर्ज कर चुकी है। अब स्नातक सीट के नतीजे पर सबकी नजर है। सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा भाजपा के केदारनाथ सिंह से आगे चल रहे हैं। नौ चक्र की प्रथम वरीयता मतगणना के बाद आशुतोष को 50,462 वोट मिले, जबकि केदारनाथ सिंह को 33,472 वोट प्राप्त हुए। इस तरह सपा प्रत्याशी 16,990 वोटों से आगे हैं। अब दूसरी वरीयता के मतों की गिनती की प्रक्रिया बाकी है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कार्यकर्ताओं से मतगणना केंद्र नहीं छोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता भोजन, पानी, छतरी और तौलिये की व्यवस्था रखें और जीत का प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही वहां से उठें। उन्होंने आरोप लगाया कि नतीजे तैयार होने के बावजूद प्रमाणपत्र नहीं दिया जा रहा।
भाजपा प्रत्याशी ने लगाया धांधली का आरोप
भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए धरना दिया। उन्होंने पर्यवेक्षक प्रांजल यादव को हटाने की मांग भी की। भाजपा नेताओं ने कुछ मतपत्रों को अवैध घोषित करने और मतगणना की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। पार्टी ने मतगणना का बहिष्कार भी किया।
10 सीटों के नतीजे घोषित
उत्तर प्रदेश की 11 एमएलसी सीटों में से 10 के नतीजे घोषित हो चुके हैं। इनमें भाजपा ने छह और सपा ने चार सीटें जीती हैं। पहले इन सीटों में भाजपा के पास छह, सपा के पास तीन और एक-एक सीट शिक्षक दल व निर्दलीय के पास थी। यदि वाराणसी की स्नातक सीट भी सपा जीतती है, तो उसकी सीटों की संख्या पांच हो जाएगी।
इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 152 प्रत्याशी मैदान में थे। कुल 14.81 लाख मतदाताओं में से करीब 55% ने वोट डाले थे। मतगणना 27 अक्टूबर की सुबह शुरू हुई थी।



