दंतेवाड़ा में 15 अक्टूबर से दिव्यांग सहायता शिविर, अमित शाह वर्चुअली करेंगे संवाद

3 जिलों के 768 दिव्यांगों को मिलेंगे सहायक उपकरण, IED ब्लास्ट से दिव्यांग हुए 30 पीड़ित भी होंगे शामिल
रायपुर। बस्तर के दिव्यांगजनों और नक्सल हिंसा से प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए दंतेवाड़ा में 15 से 17 अक्टूबर तक विशाल निःशुल्क दिव्यांग सहायता शिविर लगाया जाएगा। पुलिस लाइन करली में आयोजित शिविर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वर्चुअली जुड़ेंगे। वे शिविर में मौजूद लोगों को संबोधित करने के साथ नक्सल हिंसा और आईईडी ब्लास्ट से प्रभावित दिव्यांगों से संवाद भी करेंगे। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा भी शिविर में शामिल होंगे।
768 हितग्राहियों को मिलेंगे उपकरण
शिविर में दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के कुल 768 दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण दिए जाएंगे। इनमें दंतेवाड़ा के 509, बीजापुर के 197 और सुकमा के 62 हितग्राही शामिल हैं। दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ-पैर, कैलिपर्स, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र सहित अन्य उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
IED ब्लास्ट के 30 पीड़ित भी चिन्हांकित
शिविर के लिए चिन्हांकित हितग्राहियों में नक्सल घटनाओं के दौरान आईईडी ब्लास्ट में दिव्यांग हुए 30 लोग भी शामिल हैं। इन पीड़ितों को जरूरत के मुताबिक कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण दिए जाएंगे। इससे उन्हें चलने-फिरने, दैनिक कार्य करने और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने में मदद मिलेगी।
जिलेवार तय किया गया कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 15 अक्टूबर को सुकमा और बीजापुर के दिव्यांगजन शिविर में शामिल होंगे। 16 अक्टूबर को दंतेवाड़ा जिले के हितग्राहियों को उपकरण वितरित किए जाएंगे। शिविर 17 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
इस आयोजन का उद्देश्य बस्तर के दूरस्थ और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांगजनों तक जरूरी सहायता पहुंचाना है। सहायक उपकरणों के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और दैनिक जीवन को सुगम करने पर जोर दिया जाएगा।



