ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में घर के बाहर मवेशी छोड़ना पड़ेगा महंगा: सड़क पर मिले तो निगम लगाएगा जुर्माना, 10 जोनों में धरपकड़ जारी

रायपुर। राजधानी में अब घर या दुकान के बाहर मवेशियों को खुले में छोड़ना पशुपालकों को भारी पड़ सकता है। नगर निगम ने मवेशी मालिकों को चेतावनी दी है कि वे अपने पशुओं को बांधकर रखें। सड़क पर खुले में मवेशी मिलने पर संबंधित मालिक के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

सड़कों पर घूम रहे मवेशियों को पकड़ने के लिए नगर निगम की विशेष टीम और काउकैचर लगातार अभियान चला रहे हैं। शनिवार को भी शहर के अलग-अलग इलाकों में टीमों ने कार्रवाई कर सड़क पर घूम रहे मवेशियों को पकड़ा।

संतोषी नगर से भाठागांव तक कार्रवाई

नगर निगम की टीम ने पेंशनबाड़ा, संतोषी नगर चौक से अंतरराज्यीय बस टर्मिनल भाठागांव, दुर्गा चौक, मतपारा रोड और तरुण बाजार समेत कई क्षेत्रों में मवेशियों की धरपकड़ की। निगम के सभी 10 जोनों में अभियान चलाया जा रहा है। सड़क पर खुले घूमते मिले मवेशियों को पकड़कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

अचानक सड़क पर आ जाते हैं मवेशी

नगर निगम ने पशुपालकों से अपील की है कि वे मवेशियों को घर, बाड़े या किसी सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखें। सड़क पर खुले घूमने वाले मवेशियों से वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। खासकर व्यस्त सड़कों पर अचानक मवेशियों के सामने आ जाने से वाहन अनियंत्रित हो सकते हैं और हादसे हो सकते हैं।

निगम ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर खुले में मवेशी मिलने पर उनके मालिक के खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा। मवेशियों के कारण सड़क यातायात में बाधा या दुर्घटना की स्थिति बनने पर संबंधित पशुपालक को जिम्मेदार माना जाएगा।

हाईकोर्ट के आदेश के तहत अभियान

नगर निगम के मुताबिक, आवारा मवेशियों की धरपकड़ की कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत की जा रही है। निगम की टीमें शहर के सभी 10 जोनों में लगातार निगरानी करेंगी। अधिकारियों ने पशुपालकों से अपील की है कि कार्रवाई से बचने और सड़क हादसों को रोकने के लिए मवेशियों को खुले में न छोड़ें।

Related Articles

Back to top button