ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

चक्र पूजा के महीनों बाद 2 लाख के अनुदान पर घमासान, माटीकला बोर्ड अध्यक्ष के निजी खाते में राशि जाने का आरोप

जशपुर। जिले के कुम्हार समाज में विशेष चक्र पूजा के आयोजन के महीनों बाद भी 2 लाख रुपए की सरकारी अनुदान राशि को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामला अब माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष शम्भूनाथ चक्रवर्ती और समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है। समाज के कुछ लोगों ने अनुदान राशि के उपयोग और उसके खाते में ट्रांसफर होने को लेकर सवाल उठाए हैं।

मामला नवंबर में नारायणपुर में आयोजित विशेष चक्र पूजा से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि शासन की ओर से कुम्हार समाज को आयोजन के लिए दी गई 2 लाख रुपए की सहायता राशि समाज के आधिकारिक खाते में जमा होने के बजाय माटीकला बोर्ड अध्यक्ष के निजी खाते में ट्रांसफर कर दी गई। इसके बाद से ही समाज के भीतर इस राशि को लेकर विवाद शुरू हो गया।

समाज के सदस्यों का कहना है कि उन्हें राशि के ट्रांसफर की जानकारी नहीं दी गई। मामला सामने आने के बाद सामाजिक व्हाट्सएप ग्रुपों में भी तीखी बहस शुरू हो गई। कुछ सदस्यों ने इसे पारदर्शिता से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए शासन-प्रशासन से जांच की मांग की है।

अध्यक्ष बोले- पूरा हिसाब तैयार

वहीं माटीकला बोर्ड अध्यक्ष शम्भूनाथ चक्रवर्ती ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि 2 लाख रुपए की पूरी राशि का हिसाब तैयार है। उन्होंने समाज के लोगों के समक्ष हिसाब रखने के लिए बैठक भी बुलाई थी, लेकिन विरोध करने वाला कोई व्यक्ति बैठक में शामिल नहीं हुआ। उनका आरोप है कि कुछ लोग उनकी सामाजिक छवि खराब करने के लिए बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।

तीन सवालों पर जवाब मांग रहा समाज

विवाद के बीच समाज के लोग जानना चाहते हैं कि सरकारी अनुदान किस खाते में जारी किया जाना था? यदि राशि निजी खाते में ट्रांसफर हुई तो इसका आधार और कारण क्या था? साथ ही 2 लाख रुपए का उपयोग किन कार्यों में किया गया? फिलहाल चक्र पूजा संपन्न हो चुकी है, लेकिन 2 लाख रुपए के अनुदान का ‘चक्र’ अब कुम्हार समाज में विवाद का केंद्र बन गया है।

Related Articles

Back to top button